तंबौर पुलिस ने महमदपुर उसिया गांव में चल रही एक असलहा बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। ये फैक्ट्री दो सगे भाई चला रहे थे। पुलिस ने यहां से एक बंदूक व तमंचा भी बरामद किया है। वहीं रामकोट पुलिस ने एक बदमाश को असलहे के साथ दबोच लिया। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।
तंबौर एसओ रमेश चंद यादव ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया गया। मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर क्षेत्र के महमदपुर उसिया गांव में दबिश दी गई, जहां अवधेश व उसका भाई संतोष को असलहा बनाते दबोच लिया गया।
इन लोगों के पास से असलहा बनाने के उपकरण के अलावा एक बंदूक व तमंचा बरामद किया गया। एसओ ने बताया कि दोनों भाई मिलकर असलहा बनाते थे। घटना को लेकर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। दोनों को जेल भेजा जा रहा है।
इसके अलावा रामकोट थाने के नवीन चौक पुलिस ने भी एक बदमाश को तमंचा व दो कारतूस के साथ दबोचा है। नवीन चौक पुलिस चौकी प्रभारी अवधेश कुमार यादव ने बताया कि वह गश्त कर रहे थे। तभी क्षेत्र के अहाता कप्तान निवासी राजेश राठौर को हाईवे के पास रोका गया। तलाशी ली गई तो उसके पास से एक तमंचा व दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजा जा रहा है।