चंबा-पठानकोट मार्ग पर बनीखेत में मंगलवार सुबह पंजाब रोडवेज और एचआरटीसी की बसें आपस में टकरा गईं। इसमें कोई हताहत नहीं हुआ।
हादसा गाड़ियों के स्किड होने से पेश आया। हादसे के बाद मार्ग पर जाम लग गया। पंजाब रोडवेज की बस पठानकोट की ओर जा रही थी जबकि एचआरटीसी चंबा से दिल्ली जा रही थी। बनीखेत के पास दोनों गाड़ियां सामने आई तो चालकों ने ब्रेक लगा दिए।
बर्फबारी के कारण मार्ग पर पानी जम गया था। इस कारण बसें स्किड हो गईं और आपस में टकरा गईं। एचआरटीसी का फ्रंट शीशा चकनाचूर हो गया। गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं आई। बस में बैठी सवारियों नरेश, कुमार, मनोहर, ओंकार और गौतम ने बताया कि बसें टकराने से किसी भी सवारी को चोट नहीं आई।
कहा कि स्किड होने से यह हादसा पेश आया। एचआरटीसी चंबा के क्षेत्रीय प्रबंधक अनूप राणा ने बताया कि चालकों की सूझबूझ से हादसा टल गया।