हरगांव इलाके की एक किशोरी को बहला कर युवक अपने साले की मदद से लखीमपुर खीरी के ओयल क्षेत्र में ले गया। जहां दोनों ने किशोरी के साथ रेप किया। रेप करने के बाद बेहाल हालत में किशोरी को छोड़ कर दोनों भाग निकले।
किसी तरह किशोरी ने परिवार वालों को सूचना दी। सोमवार को परिवार वालों ने हरगांव थाने में तहरीर दी। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना छह मार्च की बताई जा रही है।
हरगांव के एक गांव की किशोरी को गांव का ही जगन्नाथ छह मार्च को बहला कर अपने घर ले गया। बताते हैं कि घर से वह अपने साले लखपति की मदद से साइकिल पर बिठा कर किशोरी को खीरी जिले की सीमा में ओयल के पास एक स्कूल के पीछे ले गया।
बताते हैं कि यहां पर जगन्नाथ व लखपति ने किशोरी संग रेप किया। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। घटना के बाद आरोपी किशोरी को वहीं छोड़ कर भाग निकले। जिसके बाद किसी तरह किशोरी एक गन्ना सेंटर पर पहुंची। वहां किसी का मोबाइल लेकर घर सूचना दी।
घर के लोग मौके पर पहुंचे और किशोरी को वापस घर लाए। जिसके बाद थाने में सूचना दी। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है। एसओ रमेश चंद्र यादव का कहना है कि घटना लखीमपुर खीरी जिले की सीमा की है, लेकिन पीड़िता की ओर से तहरीर हरगांव थाने में दी गई है। जिसके चलते केस दर्ज कर लिया गया है। घटना स्थल की जांच कराई जा रही है। जांच कर आगे कार्रवाई की जाएगी।