पुलिस ने सिधौली कोतवाली इलाके में बुधवार शाम बाड़ी चौराहे के पास चेकिंग के दौरान तीन लोगों को चोरी की बाइक समेत दबोच लिया। पुलिस ने इनके कब्जे से चार बाइक बरामद की हैं। पकड़े गए आरोपियों में दो हरदोई जिले के हैं। जबकि एक कमलापुर का रहने वाला है। पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में दो अन्य साथियों के नाम बताए हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि क्षेत्र में आए दिन बाइक चोरी की घटनाएं हो रहीं थीं। इसी सिलसिले में पुलिस टीम को लगाया गया था। सिधौली इंस्पेक्टर वीर सिंह बुधवार शाम बाड़ी चौराहे पर चेकिंग कर रहे थे।
इसी दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कमलापुर के बिल्लई गांव निवासी शिवशंकर, हरदोई जिले के टड़ियावां के अहरौरी गांव निवासी फहीम व यहीं के उदय प्रताप सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इन लोगों की निशानदेही पर चार बाइक बरामद कीं हैं। पुलिस का दावा है कि बरामद बाइक में दो लखनऊ से, एक सीतापुर व एक बाइक सिधौली से चोरी की गईं थीं।
पुलिस का कहना है कि पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में अपने दो अन्य साथियों के नाम कबूले हैं। जिनमें कमलापुर के मुजफ्फरपुर निवासी पच्ची उर्फ रामेंद्र व इसी क्षेत्र के सुजौलिया निवासी अन्नू सिंह शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि इन लोगों की तलाश की जा रही है।