रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने शनिवार रात ऑटो लिफ्टर गैंग के चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी की 13 बाइकें बरामद की हैं। पकड़े गए लोगों में एक बदमाश बाराबंकी जिले का निवासी है। पुलिस ने दो तमंचे व मोबाइल भी बरामद किए हैं।
एसपी आनंद कुलकर्णी ने रविवार को पत्रकारों को बताया कि एक सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष रामपुर मथुरा अमित प्रताप सिंह ने रायसेनपुर के निकट नाकेबंदी की। यहां पुलिस ने दो बाइकों पर सवार थानगांव थाना क्षेत्र के ग्राम तरसेउरा निवासी गुड्डू व बाराबंकी जिले के मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के ग्राम कचनापुर निवासी इकलाख को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो तमंचे, कारतूस व दो मोबाइल बरामद किए। एसपी ने बताया कि पूछताछ में कुबूला है कि जिन बाइकों पर वे सवार थे, वे लखनऊ के मडियांव थाना क्षेत्र के चोरी की गईं थीं।
पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो इस गैंग में शामिल रेउसा के भदमरा निवासी इस्लाम व रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के ग्राम बहादुरपुर निवासी इम्तियाज के नाम सामने आए। पुलिस ने उन्हें भी गिरफ्तार किया।
जिसके बाद पकड़ में आए चारों लोगों की निशानदेही पर चोरी की 11 बाइकें और बरामद की गईं। पुलिस ने कुल 13 बाइकें बरामद की है। ये बाइकें लखनऊ व बहराइच जिले से चोरी करके लाई गईं थीं।
बदमाश इन बाइकों को बेचने की फिराक में थे। इसी बीच ये लोग दबोच लिए गए। एसपी ने बताया कि गुड्डू व इस्लाम शातिर ऑटो लिफ्टर हैं। दोनों पर 13-13 मुकदमे पहले से दर्ज हैं। एसपी ने बताया कि इस गैंग के बारे में और जानकारी जुटाई जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद बाइकों के मालिक कौन हैं।