रेउसा थाना क्षेत्र का चैनी रसूलपुर गांव में शनिवार रात पुलिस व बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से करीब 15 राउंड फायरिंग हुई। इस दौरान गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया।
जबकि उसके चार साथी निकल भागने में सफल रहे। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की फायरिंग के बचने के चक्कर में एक दरोगा व एक सिपाही चोटिल हो गए। घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पैर में गोली लगने से उसकी हालत खतरे से बाहर है।
थानाध्यक्ष राजकुमार सरोज ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी, कि चैनी रसूलपुर गांव के बाग में शातिर बदमाशों का गैंग मौजूद है, जो किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। पुलिस टीम बाग की घेराबंदी कर ही रही थी कि इसी बीच बाग में मौजूद बदमाशों ने पुलिस को निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने ाी जवाबी फायरिंग करते हुए बदमाशों को बाग में ही घेर लिया। साथ ही जिला मुख्यालय को मुठभेड़ की सूचना देते हुए मदद मांगी। सूचना मिलते ही सीओ बिसवां, बिसवां कोतवाल हरमीत सिंह, थानगांव थानाध्यक्ष राजेश राय, सकरन थानाध्यक्ष नोवेंद्र सिरोही, तंबौर थानाध्यक्ष अनिल पांडेय फोर्स लेकर रेउसा थाने की ओर से रवाना हो गए।
इसी बीच एक बदमाश पुलिस की फायरिंग की चपेट में आकर घायल हो गया। जबकि उसके चार साथी मौके से निकल भागने में सफल रहे। अन्य थानों की फोर्स जब तक मौके पर पहुंची, तब तक मुठभेड़ समाप्त हो चुकी थी।
थानाध्यक्ष आरके सरोज ने बताया कि घायल बदमाश की पहचान रेउसा थाना क्षेत्र के ग्राम बभनावा निवासी बबलू बहेलिया के रूप में हुई है। उसके ऊपर लूट, डकैती, गैंगेस्टर व गुंडा एक्ट जैसे पांच आपराधिक मामले पहले से ही दर्ज हैं।
उसके फरार साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की ओर से हुई फायरिंग से बचने के चक्कर में उपनिरीक्षक संत कुमार सिंह व सिपाही नजरुल हसन चोटिल हो गए। जिनका इलाज कस्बे की सीएचसी में कराया गया है।
पुलिस ने मौके से एक तमंचा, कारतूस, 3 खोखे एक बाइक बरामद की है। एसओ ने बताया कि मुठभेड़ में करीब 15 राउंड गोलियां चलीं। जिनमें चार राउंड पुलिस टीम ने फायर किए।