रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के टेडवा मनिकापुर में कोटे की रंजिश में बुधवार को दो पक्षों में जमकर गोलियां चलीं। दस राउंड फायरिंग व लाठी-डंडे चलने से 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को रामपुर मथुरा सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से छह लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अन्य लोगों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
रामपुर मथुरा के टेड़वा मनिकापुर निवासी संतोष क्षेत्र पंचायत सदस्य हैं। उसके कोटे के लाइसेंस को लेकर ग्रामीणों द्वारा पूर्व में शिकायत की गई थी, जिससे उसका लाइसेंस निलंबित चल रहा है। इसी वजह से कोटे की शिकायतकर्ताओं से उसकी रंजिश चली आ रही थी। बुधवार दोपहर संतोष का भतीजा कल्लू गांव की दुकान पर कुछ सामान लेने गया था।
इसी बीच कोटे की शिकायत करने वाले राजेश ने कल्लू पर हमला कर दिया। सूचना पर संतोष मौके पर पहुंच गया। दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। देखते ही देखते लाठी-डंडे व गोलियां चलने लगीं। दोनों ओर से करीब 10 राउंड गोलियां चलीं, जिससे छर्रे लगने से संतोष (45) जख्मी हो गया।
वहीं बल्लभ व अन्य हथियारों के प्रहार से कल्लू, शारदा व ओमप्रकाश सिंह को चोटें आ गईं। वहीं दूसरे पक्ष से राजेश्वरी पत्नी राजेश, दुर्योधन (54), विनय, रूद्रबक्श (45), सुशीला देवी, दिव्या (14), सचिन (8) भी चोटिल हो गए। राजेश्वरी ने आरोप लगाया कि संतोष ने अवैध असलहे से कई राउंड फायर किए।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को रामपुर मथुरा सीएचसी पर भर्ती कराया गया, जहां से संतोष, कल्लू, राजेश्वरी, दुर्योधन व विनय तथा सचिन को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। एसओ का कहना है कि मामले में दोनों पक्षों की ओर से केस दर्ज किया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।