स्कूल से घर जा रही आठवीं की छात्रा को एक दरिंदे ने मंगलवार दोपहर दुराचार की नीयत से दबोच लिया। गन्ने के खेत में उसके साथ रेप की कोशिश की व विरोध करने पर धारदार हथियार से उसका गला रेतने के बाद भाग निकला। घर पहुंची छात्रा को परिवारीजन सीएचसी ले गए, जहां से उसे गंभीर हालत में लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
महमूदाबाद क्षेत्र के एक गांव की किशोरी (16) एक स्कूल में कक्षा आठ में पढ़ती है। मंगलवार दोपहर एक बजे वह स्कूल से अपने घर जा रही थी। स्कूल से कुछ दूरी पर ही गन्ने के खेत में घात लगाए बैठे एक युवक ने छात्रा को दबोच लिया और दुराचार का प्रयास किया। किशोरी ने शोर मचाया तो युवक ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
अस्मत बचाने के लिए छात्रा ने काफी देर तक संघर्ष किया। इस पर आरोपी ने उसके शरीर पर कई जगह वार कर दिए। दुराचार में असफल रहने पर आरोपी ने छात्रा का गला रेत दिया और मौके से भाग निकला। घटना के बाद छात्रा किसी तरह घर पहुंची और परिवारीजनों को आपबीती बताई।
घरवाले उसे लेकर कोतवाली पहुंचे। सीएचसी महमूदाबाद में हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने किशोरी को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। कोतवाल रमेश चंद्र ने बताया कि घटना को लेकर तहरीर नहीं मिली है। हमलावर युवक की तलाश की जा रही है।