परशुरामपुर। थाना क्षेत्र के सलेमपुर कुंवर गांव के बाहर स्थित तालाब के पास रविवार देर शाम राजगीर मिस्त्री की लाश मच्छरदानी में लिपटी मिली। गोंडा जिले के पायरखास निवासी परिवार ने हत्या की आशंका जताई है लेकिन पुलिस को तहरीर नहीं दी है। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने विसरा प्रिजर्व कराया है।
रविवार देर शाम राहगीरों ने छपिया गांव के लोगों को मच्छरदानी में लाश होने की सूचना दी।
छपिया गांव के लोगों ने उसकी पहचान बब्लू उर्फ कृष्ण कुमार पुत्र सुन्दर के रूप में की। किसी ने घटना की जानकारी परशुरामपुर पुलिस को दी। गोंडा जिले के पायर खास गांव के रहने वाले बब्लू पेशे से राजगीर थे। रोज की तरह रविवार सुबह घर से काम पर निकले थे। शाम को खबर मिली कि बब्लू की लाश मच्छरदानी में लिपटी सीमा क्षेत्र के सलेमपुर कुंवर गांव के तालाब के पास है। मौके पर पहुंचे परिवार वाले सदमे में आ गए। बब्लू के सात बच्चे हैं। राजगीर का काम कर परिवार का पालन-पोषण करने वाले बब्लू की पत्नी सावित्री को पति के अब इस दुनिया में नहीं रहने का विश्वास ही नहीं। सावित्री और परिवार के रोने-बिलखने पर सभी की आंखों में आंसू आ गए। हर जुबान पर एक ही बात थी कि जाने कौन बन गया बब्लू की जान का दुश्मन। सावित्री ने पति की हत्या की आशंका जताई है लेकिन अभी तहरीर नहीं दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अन्त्यपरीक्षण के लिए भेज दिया है। एसओ निर्भय नारायण सिंह ने बताया कि विसरा प्रिजर्व कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।