10 साल पहले हुए अनाज घोटाले को लेकर सीबीआई टीम शुक्रवार को कस्बा पहुंची। यहां पर रेउसा क्षेत्र के कोटेदारों से सीबीआई टीम ने पूछताछ की। सीबीआई टीम के आने की सूचना रेउसा क्षेत्र के कोटेदारों को दे दी गई थी। इसी सूचना पर तत्कालीन 40 कोटेदार बिसवां पहुंचे थे। इन कोटेदारों से नगर पालिका के हाल में सीबीआई टीम ने पूछताछ की।
टीम ने कोटेदारों के स्टाक, वितरण रजिस्टर के अलावा अन्य अभिलेख देखे। सूत्र बताते है कि इन अभिलेखों को टीम ने अपने कब्जे में ले लिया है। सीबीआई टीम का नेतृत्व कर रहे बृजेश मिश्रा ने बताया कि जांच गोपनीय है। इसलिए वे इस संबंध में कुछ भी नहीं बता सकते हैं। करीब छह घंटे तक जांच करने के बाद टीम ने कोटेदारों को घर जाने को कहा और खुद बिसवां से रवाना हो गईं।