विरोध करने पर सब्जी विक्रेताओं को मारापीटा। आधी रात के करीब घर पहुंचे पीड़ितों ने सोमवार सुबह पुलिस को सूचना दी। इस घटना को पुलिस कुछ लोगों द्वारा शराब पीकर झगड़ा करना बता रही है।
मछरेहटा इलाके में बनियामऊ निवासी पुत्तीलाल, भय्यालाल, विजय कुमार, अनीस, चेतराम, असलम, सोबरन, छोटकन्न, हरिशंकर, दयाराम, सुरेश आदि सब्जी का व्यवसाय करते हैं।
यह लोग रविवार को मधवापुर गांव की बाजार में सब्जी बेचने गए थे। बारिश के चलते सब्जी विक्रेता बाजार से देर रात घर को लौटे। रास्ते में संदना इलाके में चौरा घाट के पास उन्हें सात-आठ बदमाशों ने असलहों के बल पर बंधक बना लिया।
बदमाशों ने एक-एक करके सब्जी विक्रेताओं के साथ लूटपाट की। सब्जी की बिक्री से मिले रुपये बदमाशों ने लूट लिए। विरोध करने पर पिटाई भी की।
पीड़ित सब्जी विक्रेताओं के मुताबिक बदमाशों ने उनसे करीब 24 हजार रुपये लूट और धमकी देकर फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित दुकानदार गांव पहुंचे और सोमवार सुबह संदना पुलिस को सूचना दी।
एसओ बेनी माधव त्रिपाठी का कहना है कि घटना के संबंध में तहरीर नहीं मिली है। जानकारी में आया था कि कुछ लोगों ने शराब पीकर झगड़ा किया है। मामले की जांच कराई जा रही है। उसके बाद कार्रवाई की जाएगी।