कानपुर से लखीमपुर खीरी जा रहे शिक्षकों से भरी कार सोमवार सुबह मनिकापुर गांव के पास पीछे से एक ट्रक में जा घुसी। इस हादसे में कार सवार नौ शिक्षक घायल हो गए। हादसे में चालक भी जख्मी हो गया। ये शिक्षक लखीमपुर खीरी में तैनात हैं।
ड्यूटी के लिए वे कानपुर से लखीमपुर के लिए निकले थे। घायलों का सिधौली सीएचसी में उपचार कराया गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। कानपुर से एक कार शिक्षकों को लेकर लखीमपुर खीरी जा रही थी। कार सिधौली इलाके में मनिकापुर गांव के पास हाईवे पर पहुंची तो आगे चल रहे एक ट्रक में पीछे से जा घुसी।
इस हादसे में कार सवार कानपुर देहात के मैथा निवासी शिक्षक विजय वर्मा (37), कानपुर के तिवारी बगिया निवासी दिनेश त्रिपाठी (45), कानपुर के ही यशोदा नगर निवासी रश्मि द्विवेदी (35) पत्नी संजय द्विवेदी, कानपुर निवासी ऊषा (42) पत्नी विक्रम, कानपुर के गोविंद नगर निवासी रूपिका (30) पत्नी दीपक।
कानपुर के एयरपोर्ट स्टैंड घई खेड़ा निवासी सीमा शर्मा (40) पत्नी महेश्वर शर्मा, कानपुर के शास्त्रीनगर निवासी ओम देव पांडेय (31), कानपुर के एफ ब्लॉक पंकी निवासी लक्ष्मी (30), उन्नाव के सिविल लाइन पूरा खेड़ा निवासी सुनील कुमार (36) व कानपुर के कल्यानपुर निवासी रजत (28) पाल जख्मी हो गए।
हादसे के बाद इन लोगों को फौरन सीएचसी सिधौली ले जाया गया। सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। सभी शिक्षक कानपुर से लखीमपुर खीरी जा रहे थे। बताते हैं कि वहीं इन लोगों की स्कूलों में पोस्टिंग है। हादसे के बाद पहुंची पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।