पिसावां दिल्ली से अपने घर के लिए निकले एक यात्री को जहरखुरानों ने नशीला पदार्थ खिलाकर 50 हजार रुपये लूट लिए। वहीं बस चालक व परिचालक ने मानवीय संवेदनाओं को दरकिनार करते हुए बेहोश यात्री को हाईवे के किनारे उतार दिया।
सुबह सड़क पर पड़ा मिलने पर क्षेत्र के लोगों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी हालत खतरे से बाहर है।
ग्राम सीताराम पुरवा निवासी बाबू (40) दिल्ली विकास प्राधिकरण में चतुर्थ श्रेणी पद पर तैनात है।
शनिवार को वह हापुड़ डिपो की बस में सवार होकर दिल्ली से घर के लिए निकाला। अस्पातल में भर्ती बाबू ने बताया कि मुरादाबाद के निकट एक जहरखुरानों ने जलजीरा पिला दिया।
इसके कुछ देर बाद ही उसे बेहोशी छा गई। बेसुध होते ही जहरखुरान 50 हजार रुपये लूटकर उस से उतर गया। इधर बस जब लखीमपुर खीरी के मैगलगंज थाना क्षेत्र के ग्राम नेरी के निकट से गुजर रही थी।
इसी दौरान चालक व परिचालक की नजर उस पर पड़ी। चालक व परिचालक ने मानवीय संवेदनाओं को दरकिनार करते हुए नेरी के निकट ही हाईवे के किनारे बेहोशी की हालत में उतार दिया। रविवार सुबह गांव के कुछ लोगों ने उसे पहचान लिया और बरगांवा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
अस्पताल में मौजूद परिवार ने बताया कि बस का नंबर मिल गया है और वह चालक व परिचालक की इस गैरजिम्मेदाराना हरकत के खिलाफ संबंधित पटल पर शिकायत करेंगे।