खैराबाद थाना क्षेत्र में नेशनल हाइवे पर गुरुवार सुबह होटल के निकट एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने खैराबाद से लौट रहे बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे फौरन जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था।
इमलिया सुल्तानपुर इलाके के नकरहिया गांव निवासी विशाल मौर्या (25) पुत्र बाबू मौर्य गुरुवार सुबह बाइक से किसी काम से खैराबाद गया था। वापस जाते समय जब वह नेशनल हाईवे पर खैराबाद में एक होटल के पास पहुंचा, तभी एक तेज रफ्तार वाहन उसकी बाइक में टक्कर मारकर निकल गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
आसपास के लोग उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि मामले में केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।