विरोध करने पर एक राहगीरों को पीटा, पीड़ितों में इलाहाबाद बैंक के एक मैनेजर
लहरपुर (सीतापुर)। कोतवाली तालगांव इलाके में हथियारों से लैस नकाबपोश बदमाशों ने सिलसिलेवार लूटपाट की वारदातों को अंजाम दिया। उन्होंने तीन राहगीरों को बंधक बनाकर उनके पास से हजारों की नकदी, लैपटॉप व मोबाइल फोन लूट लिया। विरोध करने पर एक राहगीर की जमकर पिटाई कर दी।
इस दुस्साहसिक वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। खबर मिलते ही तालगांव पुलिस ने कॉम्बिंग की, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिला। तालगांव कोतवाली क्षेत्र के नयामूपुर में रहने वाले पुष्पेंन्द्र वर्मा इलाहाबाद बैंक शाखा सेवता में प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं।
गुरुवार को देर शाम बाइक से वह बैंक से अपने गांव जा रहे थे। बहादुरपुर के निकट हथियारों से लैस तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और बंधक बनाने के बाद उनसे एक हजार रुपये की नकदी व बैग लूट लिया। बैग में बैंक के जरूरी कागजात व चाभी थी।
इसके बाद बदमाशों ने कुछ देर बाद मोहम्मदीपुर निवासी सलाउद्दीन को रोककर उसके पास से 8 हजार की नकदी व मोबाइल फोन लूट लिया। तीसरी घटना में मानपुर थाना नकारा निवासी मिथुन से 5 हजार की नकदी, लैपटॉप लूट लिया। लूटपाट के दौरान बदमाशों ने तीनों राहगीरों को बंधक बनाए रखा। विरोध करने पर मिथुन की पिटाई भी की।
सिलसिलेवार लूट की वारदातों को अंजाम देने के बाद बदमाश वहां से भाग निकले। उनके जाने पर पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कॉम्बिंग की लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिला। कोतवाली प्रभारी योगेश शाह ने बताया कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।