रामकोट (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में साइबर ठगों ने एक व्यक्ति के खाते से 42 हजार रुपये पार कर दिए हैं। पीड़ित ने इस संबंध में अज्ञात ठगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस जांच की बात कह रही है।
थाना क्षेत्र के ग्राम धर्मपुर निवासी वेद प्रकाश श्रीवास्तव का खाता कस्बे की पंजाब नेशनल बैंक में है। गुरुवार को वेद प्रकाश ने अपने पुत्र रोहित को रुपये निकालने के लिए एटीएम कार्ड दिया था।
पुत्र कस्बे में लगे एटीएम में पहुंचा, तो केबिन में पहले से ही कई ठग मौजूद थे। इससे पहले कि रोहित कुछ समझ पाता, ठगों ने हेराफेरी करते हुए मशीन में न जाने क्या किया, उससे रुपये ही नहीं निकले। जिसके बाद रोहित घर चला आया।
बताते हैं कि रोहित के केबिन से बाहर आते ही ठगों ने वेद प्रकाश के खाते से 42 हजार रुपये पार कर दिए। मोबाइल पर मैसेज आने के बाद खाताधारक को जानकारी हो सकी। पीड़ित ने इस संबंध में थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष राजेंद्र शर्मा ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।