एक ही परिवार के चार लोगों को ट्रक ने कुचला, मासूम की मौत
राही (रायबरेली)। भदोखर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार एक ही परिवार के चार लोगों को कुचल दिया। इसमें एक मासूम की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता व भाई घायल हो गए।
हादसा उस समय हुआ, जब सभी डलमऊ की तरफ से घर जा रहे थे। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो बाइक सवार युवक हेलमेट नहीं लगाए था। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
भदोखर के कुचरिया गांव निवासी राजेश गुप्ता (30) होटल चलाता है। शुक्रवार को राजेश अपनी पत्नी शैल कुमारी (28), बेटे सूर्यांश (8), आर्यांश (7) के साथ डलमऊ गया था।
दोपहर बाद ये लोग बाइक से घर लौट रहे थे। तभी रायबरेली-डलमऊ मार्ग पर सैदनपुर गांव मोड़ के पास ट्रक ने बाइक सवार लोगों को कुचल दिया।
इससे सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में आर्यांश की मौके पर ही मौत हो गई। टेंट हाउस संचालक विमल सिंह की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। एसओ अशोक त्रिपाठी का कहना है कि तहरीर मिलने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।