प्रधान की पुत्री की हत्या में दो गिरफ्तार
पुलिस ने घटना का खुलासा का किया दावा
मानपुर (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह प्रधान की पुत्री से गैंगरेप के बाद हत्या के मामले का सोमवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने घटना में शामिल गांव के दो आरोपियों को दबोच लिया है। दोनों आरोपियों का डीएनए सैंपल लिया गया है। दोनों आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है।
मानपुर थाना क्षेत्र के एक गांव के प्रधान की पंद्रह साल की बेटी शुक्रवार की सुबह करीब छह बजे गांव के बाहर नित्यकर्म के लिए निकली थी। इसी बीच गैंगरेप के बाद उसकी हत्या कर दी गई थी। उसकी शव खेत में पड़ी मिला था। प्रधान ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया था। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल की तो गांव के ही मान सिंह उर्फ बौना पुत्र रामकुमार व अनुज पुत्र फूलचंद का नाम सामने आया। पुलिस ने खोजबीन कर सोमवार की भोर दोनों को क्षेत्र के भिठौली नहर पुल के पास से गिरफ्तार किया। एसओ योगेंद्र सिंह का कहना है कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना स्वीकार की है। एसओ का कहना है कि आरोपी मानसिंह का प्रधान के घर रोज का आना-जाना था। वह प्रधान की बेटी पर बुरी निगाह रखता था। शुक्रवार को जब प्रधान की बेटी निकली तो मानसिंह ने अपने साथी अनुज के साथ वहां पहुंच कर किशोरी से जबरदस्ती करने लगा। जबरदस्ती के बाद दोनों ने उसकी हत्या कर दी। हत्या करने के बाद से दोनों लापता था। मृतका के पिता व मां ने भी घटना के बाद इन लोगों पर शक जताया था।
एसओ का कहना है कि घटना के बाद गांव के सभी युवकों को जांच पड़ताल के लिए एकत्र किया गया था। उस दौरान भी यह दोनों युवक गायब हो गए थे। जिससे इन पर शक और गहरा हो गया था। एसओ का कहना है कि पकड़े जाने के बाद पूछताछ में दोनों ने घटना स्वीकार की है। जांच के लिए दोनों का डीएनए सैंपल भी लिया गया है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों को जेल रवाना कर दिया गया है।