शव जलाने का भी किया प्रयास, ग्रामीणों ने दबोचकर पुलिस के हवाले किया
हरगांव (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में एक शराबी युवक ने शराब पीने के लिए पैसे न देने पर अपनी बुजुर्ग मां को गन्ने से पीट-पीटकर मार डाला। वह दरिंदगी पर इस कदर उतरा कि उसने मां के नाजुक अंग पर भी हमला कर दिया।
इसके बाद गन्ने की पताई डालकर उसे जलाने का प्रयास किया। उसकी यह क्रूर हरकत देख गांव के लोगों ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। बाद में ग्रामीणों ने पुलिस को बुलाकर उसे हवाले किया। पुलिस कार्रवाई में जुटी हुई थी।
हरगांव थाना क्षेत्र के कबीरपुर निवासी देवी चरन की पत्नी रामपती (70) घर में बैठी थी। इसी दौरान उसका पुत्र सुनील उर्फ खोबरी वहां पहुंच गया। बताते हैं कि सुनील शराब पीने का आदी है, उसने मां से शराब खरीदने के लिए रुपये मांगे।
बुजुर्ग मां ने रुपये दे पाने में असमर्थता जता दी। आरोप है कि इसी बात पर सुनील भड़क गया और वह गन्ने से मां की पिटाई करने लगा। वह तब तक मां को गन्ने से पीटता रहा, जब तक रामपती की जान नहीं निकल गई। मां की नृशंस हत्या करने के बाद भी सुनील का जी नहीं भरा।
बताते हैं कि उसने अपनी ही मां के नाजुक अंगों में लाठी से हमला कर दिया। इसके बाद गन्ने की पताई डालकर शव को आग लगा दी। उसे ऐसा करते देख गांव के लोगों के सब्र का बांध टूट गया। ग्रामीणों ने घेराबंदी कर सुनील को दबोच लिया।
इसके बाद उसे गांव के ही एक पेड़ से बांध दिया। फिर ग्रामीणों ने सूचना हरगांव थाने की पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेने के साथ आरोपी को हिरासत में ले लिया। घटना के संबंध में थानाध्यक्ष अश्वनी पांडेय ने बताया कि आरोपी सुनील ने मां को गन्ने से पीटकर मार डाला है।
उसके शव को जलाने का प्रयास किया है। उसने मां के साथ ऐसी दरिंदगी भरी हरकत की है, जिसे सपने में भी नहीं सोचा जा सकता है। आरोपी पुलिस हिरासत में हैँ, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस तहरीर का इंतजार कर रही थी, घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी।