सीसीटीवी फुटेज में कैद बाइक सवार बदमाशों का दुस्साहस
बिसवां/महराजनगर (सीतापुर)। कोतवाली क्षेत्र में बाइक सवार सशस्त्र बदमाशों ने एक किसान से 40 हजार की नकदी लूट ली। किसान ने यह रुपये अपनी पुत्री के तिलक में खर्च करने के लिए निकाली थी। दिनदहाड़े हुई लूट की यह वारदात सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
सकरन थाना क्षेत्र के सुल्तानापुर निवासी देशराज किसान है। उसने अपनी पुत्री रोहिनी की विवाह लहरपुर कोतवाली क्षेत्र के राधा नगर निवासी संतलाल के पुत्र अनिल से तय कर रखा है। 23 अप्रैल को तिलक तय है और 18 जून को विवाह होना है। तिलक की तारीख नजदीक देख देशराज तैयारियों में जुटा था।
सोमवार को वह साइकिल से कस्बा बिसवां बाजार आया था। बताते हैं कि यहां बैंक ऑफ बड़ौदा में उसका खाता है। बैंक पहुंचकर उसने अपने खाते से 40 हजार रुपये निकाले। इसके बाद रुपयों को थैले में रखकर वह साइकिल से घर के लिए चल दिया।
वह जब कोतवाली के करीब से गुजर रहा था, उसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश उसके करीब से गुजर पड़े। इससे पहले कि देशराज कुछ समझ पाता, बदमाश रुपयों भरा थैला छीनकर भाग गए। देशराज ने शोर मचाते हुए उनका पीछा भी किया, लेकिन बदमाश भागने में सफल रहे। पीड़ित ने बिसवां कोतवाली में तहरीर दी है।
जिसमें रुपयों के साथ आधार कार्ड, बैंक पासबुक आदि लूटे जाने की बात कही है। लूट की पूरी वारदात करीब ही सड़क पर लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस उस फुटेज के आधार पर लुटेरों की पहचान करने में जुटी हुई है। प्रभारी निरीक्षक हरमीत सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।
नंबर प्लेट से पहचान करने में जुटी पुलिस
पुलिस के हाथ लुटेरों की बाइक का नंबर लग गया है। पुलिस उसी आधार पर बदमाशों को तलाश रही है। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जरूरी नहीं है कि बाइक उन्हीं लुटेरों की हो। फिर भी बाइक स्वामी का पता लगाया जा रहा है।