बिसवां (सीतापुर)। परिवहन निगम की अनुबंधित बस में यात्रा कर रहे यात्रियों व बस कंडक्टर के बीच टिकट बनवाने को लेकर विवाद हो गया। बस बिसवां पहुंचने पर कंडक्टर की पिटाई की गई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद व आठ अज्ञात लोगों के विरुद्ध मारपीट का केस दर्ज जांच शुरू कर दी गई है।
स्थानीय कोतवाली व नगर के मोहल्ला थवाई टोला निवासी रियासत रोडवेज की अनुबंधित बस में परिचालक है। बुधवार को वह कैसरबाग लखनऊ से बिसवां के लिए निकला। मड़ियांव में कुछ यात्री बस में सवार हुए। परिचालक से टिकट बनवाने को लेकर उनका विवाद हो गया।
आरोप है कि बस बिसवां पहुंचने पर उक्त यात्रियों ने अपने अन्य साथी बुला लिए और परिचालक की पिटाई कर दी। घटना की तहरीर पीड़ित ने पुलिस को दी। प्रभारी निरीक्षक संजय पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी मोहित व नितिन निवासी शंकरगंज बिसवां तथा आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज कर लिया गया है।