जीआईसी में डकैती, चौकीदार को बंधक बना लूटे 11 कंप्यूटर
क्रासर
रामपुर मथुरा के दयमलपुर की घटना
प्रधानाचार्य ने पुलिस को दी तहरीर
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर मथुरा (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में मंगलवार रात सशस्त्र डकैतों ने एक कॉलेज में धावा बोल चौकीदार को बंधक बना लिया और इसके बाद वहां से 11 कंप्यूटर व एक बड़ी बैटरी लूट ली। वारदात के बाद डकैत मौके से भाग निकले। बाद में किसी तरह से छूटने पर चौकीदार ने कॉलेज के प्रधानाचार्य को घटना की जानकारी दी। इस पर प्रधानाचार्य ने संबंधित थाने में घटना की तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच की बात कह रही है।
रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के ग्राम दयमलपुर में राजकीय इंटर कॉलेज है। दयमलपुर निवासी सीताराम इस कॉलेज में चौकीदार है। मंगलवार की रात सीताराम कॉलेज में पहरा दे रहा था। आधी रात को करीब 10-10 सशस्त्र डकैतों ने धावा बोल दिया और भीतर मौजूद चौकीदार सीताराम को अवैध शस्त्रों से धमकाते हुए बंधक बना लिया। इसके बाद नकाबपोश डकैतों ने कॉलेज में रखे 11 कंप्यूटर व एक बड़ी बैटरी लूट ली। माल हाथ में आने के बाद डकैत चौकीदार को मुंह न खोलने की धमकी देते हुए माल समेत मौके से भाग गए। डकैतों के जाने के बाद चौकीदार ने वारदात की सूचना कॉलेज के प्रधानाचार्य को दी। प्रधानाचार्य देवप्रकाश शुक्ला ने इस संबंध में अज्ञात डकैतों के खिलाफ संबंधित थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष अमित सिंह ने बताया कि घटना की पड़ताल की जा रही है।