शव को रौंदते रहे वाहन, खुरचकर बटोरा मांस
सिधौली (सीतापुर)। कस्बे में हाईवे पर पड़े महिला के शव को गुरुवार देर रात दर्जनों वाहन रौंदते हुए गुजर गए। जब तक सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंचती मांस के टुकड़े काफी दूर तक फैल चुके थे।
हालत ये थी कि जब पुलिस पहुंची तो सड़क खुरचकर मांस के टुकड़े एकत्र किए गए, जिसके बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका।
रोडवेज बस स्टाप के निकट गुरुवार देर रात कुछ लोगों ने एक महिला का शव हाईवे पर पड़ा देखा। इससे पहले कि लोग पुलिस को सूचना देते हाईवे से गुजर रहे वाहन अंधेरे के चलते शव के ऊपर से गुजरने लगे।
दर्जनों वाहन शव को रौंदते हुए निकल गए। बताते हैं कि जब पुलिस मौके पर पहुंची तो मांस के लोथड़े काफी दूर तक फैल चुके थे। शव का काफी हिस्सा सड़क में चिपक गया था।
पुलिस ने किसी तरह से वाहनों को रोका, जिसके बाद सड़क पर चिपके मांस के लोथड़ों को खुरचकर समेटा और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस के मुताबिक बरामद अवशेष से पता चला है कि शव किसी महिला का था, लेकिन उसकी उम्र का पता नहीं लगाया जा सका है।
कस्बे के नागरिकों ने संदेह जताया है कि अज्ञात बदमाशों ने शव को हाईवे पर फेंका है। साजिश थी कि लोग इस मामले को सड़क हादसा समझे। जिसके बाद वाहन शव को रौंदते रहे।
आसपास के लोगों ने बताया कि रोडवेज बस स्टाप पर हर वक्त कोतवाली पुलिस का कोई न कोई जवान बना रहता है। चंद कदमों की दूरी पर कोतवाली है।
बावजूद इसके पुलिस को मौके पर पहुंचने में काफी वक्त लग गया। इससे शव की दुर्दशा हो गई। प्रभारी निरीक्षक योगेश शाह ने बताया कि यह सड़क हादसा प्रतीत हो रहा है। महिला विक्षिप्त बताई जा रही है।