मृतका के भाई ने ससुरालीजनों पर लगाया हत्या का आरोप
मिश्रिख (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में संदिग्ध हालात में आग से झुलसी विवाहिता की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका के भाई ने ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मृतका के पति समेत चार आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जिला हरदोई के थाना बेनीगंज के सुल्तानपुरवा गांव के रहने वाले कैलाश ने बताया कि एक साल पहले उसने अपनी बहन प्रेमा देवी की शादी हिंदू रीतिरिवाज से महेंद्र पुत्र बदलू निवासी मोहरावा कोतवाली मिश्रिख के साथ की थी। शादी में सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज भी दिया था।
इसके बाद भी प्रेमा के ससुरालीजन दहेज से संतुष्ट नहीं थे। आए दिन उसकी बहन को प्रताड़ित करते थे। तंग आकर वह अपनी बहन को ससुराल से ले गया था। मगर कुछ दिन बाद सुलह-समझौता कर फिर उसकी बहन को पति विदा करा ले आया था।
आरोप है कि बीती 8 नवंबर को पति महेन्द्र, उसके भाई चेतराम व सोनी तथा भाभी ने मिलकर पिटाई के बाद प्रेमा पर मिट्टी का तेल छिड़ककर उसे जला दिया। ग्रामीणों ने झुलसी प्रेमा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। खबर पाकर वह अस्पताल पहुंचा।
अस्पताल से डॉक्टरों ने हालत नाजुक होने पर लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। लखनऊ में इलाज के दौरान शनिवार सुबह प्रेमा की मौत हो गई। प्रभारी कोतवाल कृष्ण मोहन सिंह ने बताया कि मृतका के भाई कैलाश की तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है।