रामकोट में गुरुवार सुबह सीतापुर शिक्षण संस्थान की दो बसें आपस में टकरा गईं। इससे बस में सवार 30 छात्राएं घायल हो गईं। घायल छात्राओं को जिला अस्पताल में कराया गया है। सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसे का कारण बस का ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है।
सीतापुर शिक्षण संस्थान की दो बसें छात्राओं को लेकर कॉलेज जा रहीं थीं। तभी कनाखेड़ा गांव के निकट सरायन नदी पुल के करीब पीछे चल रही बस ने आगे जा रही बस में टक्कर मार दी।
इससे बस में सवार मछरेहटा के ग्राम बेहट बीरम निवासी शिवांगी देवी (24), शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आनंद नगर निवासी रिचा (22), दुर्गा पुरवा निवासी प्रेमलता मिश्रा (21), आलम नगर निवासी नेहा मिश्रा (24), महोली के उरदौली निवासी प्रीती देवी समेत करीब 30 छात्राएं जख्मी हो गईं। स्थानीय नागरिकों ने घायलों को किसी तरह जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी की हालत खतरे से बाहर बताई है।