सीतापुर जिले में गुरुवार को भी आग की लपटों ने जमकर कहर बरपाया। महमूदाबाद, थानगांव, रेउसा, पिसावां व संदना आदि क्षेत्रों में हुई सात घटनाओं में सौ बीघा गेहूं की फसल सहित करीब 14 लाख 40 हजार की संपत्ति आग की लपटों से राख हो गई। दो मवेशी जल मरे। करीब 25 आशियाने भी तबाह हो गए।
25 एकड़ गेहूं की फसल
पिसावां के अकोहरा गांव निवासी करनेश, ओम प्रकाश, रवींद्र कुमार, दिनेश् आदि के करीब 25 एकड़ गेहूं की फसल तैयार खड़ी थी। बताते हैं कि गुरुवार दोपहर अज्ञात कारणों के चलते खेतों में आग लग गई। जब तक ग्रामीण आग बुझाने में कामयाब हुए, सौ बीघा गेहूं की फसल जल गई। करीब साढ़े तीन लाख का नुकसान हो गया। इसी तरह थाना क्षेत्र के ही ढखिया कलां गांव निवासी परमेश्वर के यहां दोपहर को अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई। लपटों ने परमेश्वर के अलावा सुंदर, उमेश व साबिर के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। चारों घरों में करीब सवा लाख की संपत्ति का नुकसान हो गया। परमेश्वर की दो बकरियां भी जल मरीं।
तीन स्थानों पर आग की लपटों से एक लाख की संपत्ति राख
संदना इलाके के शिवपुरी में वीरेंद्र के यहां अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई। देखते ही देखते लपटों ने पड़ोस के गया प्रसाद के घर को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दोनों घरों से करीब 70 हजार का नुकसान हो गया।
इसके अलावा थानगांव के सरैंया गांव निवासी राजेश व धनीराम के घरों में गुरुवार दोपहर अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई, जिससे दोनों घरों की करीब 30 हजार की संपत्ति राख हो गई। दोनों स्थानों पर ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया था। तहसील प्रशासन को सूचना दे दी गई है। लहरपुर इलाके के रायपुरगंज गांव में महेश व अश्वनी के खेतों में अज्ञात कारणों के चलते गुरुवार को आग लग गई, जिससे करीब दस बीघा गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई।
लपटों में पांच लाख का नुकसान
सदरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम फ त्तेपुरवा मजरे कंजखेड़ा निवासी मिश्रीलाल के घर में बुधवार को अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने रामरतन, विशेश्वर दयाल, राज बहादुर, किशोरीलाल, रामू व प्यारेलाल, छंगालाल आदि के घर जलकर राख हो गए। करीब पांच लाख की संपत्ति का नुकसान हो गया।
आग से एक लाख की संपत्ति राख
थानगांव इलाके के सुतईपुर मजरा गोालोक कोड़र गांव में अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई। आग की लपटों में गांव निवासी परागी, लल्लन, चेतराम, छोटकन्ने व बड़ाली के घर जलकर नष्ट हो गए। अगिभनकांड में जेवर, कपड़े व बर्तन सहित करीब एक लाख की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया था। तहसील प्रशासन को सूचना दे दी गई है।
थ्रेशिंग कर रहा ट्रैक्टर जला
रेउसा इलाके के गुरमुचपुर गांव निवासी रमेश गुरुवार को अपने खेत में ट्रैक्टर से गेहूं की थ्रेशिंग कर रहा था। इसी बीच अचानक ट्रैक्टर की सैलेंसर से निकली चिन्गारी से वहां आग लग गई। जब तक वहां मौजूद लोग आग पर काबू पाने की कोशिश करते तब तक आग की लपटों ने विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते ट्रैक्टर, थ्रेशर व वहां लगा गेहूं आग की लपटों में जल गया।
पांच बीघा फसल जली
कमलापुर कस्बा स्थित विद्युत उपकेंद्र के नजदीक गेहूं के खेत में लगी आग से पांच बीघा फ सल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने भरसक प्रयास कर आग पर काबू पाया। आग गन्ने की सूखी पत्तियां जलाने से भड़कना बताई जा रही है। स्थानीय निवासी मिंटू कश्यप ने विनय सिंह का खेत ठेके पर लिया है। जिसमें गेहूं की फ सल लगी थी। गुरुवार दोपहर करीब एक बजे अचानक आग लगने से खेत में तैयार पांच बीघा फसल जल गई। ग्रामीणों के मुताबिक मिंटू अपने गन्ने की सूखी पत्तियां जला रहे थे, उसी दौरान आग न्रे खेत को चपेट में ले लिया। जबकि मिंटू ने नरेश पर आग लगाने का आरोप लगाया है।