हाईटेंशन तार खेत में गिरा, पांच बीघा गन्ना राख्
पिसावां (सीतापुर)। हसनापुर गांव के समीप हाईटेंशन लाइन के तार टूटकर खेत में गिर गए। इससे पांच बीघा गन्ना जल गया।
खेत मालिक ने नए तार लगाने के बाद ही लाइन जोड़ने की बात कहकर लाइनमैन को लौटा दिया। जिस कारण चार गांव की पांच हजार आबादी अंधेरे में हैं।
हसनापुर निवासी जगमोहन सिंह के खेत से हाईटेंशन लाइन निकली है। गुरुवार को तार टूटकर खेत में गिर गए थे। इससे पांच बीघा गन्ने की फसल राख हो गई।
हादसे से आक्रोशित किसान जगमोहन ने जर्जर लाइन पर नए तार लगाने की मांग करते हुए तार जोड़ने आए लाइनमैन को मौके से भगा दिया। जिसके चलते हसनापुर, मिर्जापुर, ढखौरा, बेरिहा गांवों की पांच हजार आबादी अंधेरे में है।
पीड़ित किसान जगमोहन ने बताया कि पांच दशक पुरानी जर्जर लाइन से बिजली आपूर्ति किए जाने से अक्सर तार टूटते रहते हैं। जिसके चलते किसानों का बहुत नुकसान होता हैं।
कई वर्षों से नए तार डालने की मांग की जा रही है। लेकिन पावर कॉर्पोरेशन द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। पिसावां के अवर अभियंता प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि हसनापुर तार जोड़ने गए लाइनमैन को किसान ने तार नहीं जोड़ने दिया। दोबारा स्टाफ को भेजा हैं अगर तार नहीं जोड़ने दिया जाता है तो कानूनी कार्रवाई करनी पड़ेगी।