बैलगाड़ी में घुसी बाइक, एक ने दम तोड़ा, दूसरा जख्मी
बारात में शामिल होने को बाइक से जा रहे थे दोनों
रेउसा (सीतापुर)। थाना इलाके में गुरुवार देर शाम वैवाहिक समारोह में शामिल होने जा रहे दो युवक बाइक समेत बैलगाड़ी में पीछे से जा घुसे। हादसे में एक ने सीएचसी रेउसा में दम तोड़ दिया। जबकि दूसरे को गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
थाना मोहम्मदपुर खाला जिला बाराबंकी निवासी संजीत (30) पुत्र छोटेलाल व कौशल (18) पुत्र मिश्रीलाल गुरुवार देर शाम बाइक से थानगांव के गोलोक कोड़र गांव में बारात में शामिल होने जा रहे थे। तभी अचानक महमूदाबाद मार्ग पर गुरुद्वारा के समीप बाइक बैलगाड़ी में पीछे से जा घुसी। ग्रामीणों की सूचना पर 108 एंबुलेंस के वीरेंद्र कुमार व शैलेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को रेउसा सीएचसी पहुंचाया, जहां पर चिकित्सकों ने संजीत को मृत घोषित कर दिया। जबकि कौशल को नाजुक हालत में लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।