चार दिन पहले जहरखुरानी की घटना में पहुंचाया था सलाखों में
मिश्रिख (सीतापुर)। करीब चार दिन पूर्व जहरखुरानी की घटना में गिरफ्तार कर जेल भेजे गए दो बदमाशों में एक 25 हजार का इनामी निकला। पुलिस को चार दिन बाद इसकी जानकारी हो सकी तो वाहवाही लूटने की होड़ मच गई।
मिश्रिख पुलिस ने चार दिन पूर्व खुजरा उर्फ मोहित निवासी रामपुर ग्रंट थाना पसिगवां लखीमपुर समेत दो बदमाशों को गिरफ्तार कर जहरखुरानी की घटना का खुलासा करते हुए दोनों को जेल भेजने की कार्रवाई की थी। मंगलवार को चौथे दिन मिश्रिख कोतवाल बृजेश राय को जानकारी हुई कि उन्होंने जिस खुजरा उर्फ मोहित को जहरखुरानी की घटना में गिरफ्तार कर जेल भेजा है, वह 25 हजार का इनामी था।
इसकी जानकारी मिलते ही कोतवाल वाहवाही लूटने लगे। यह लाजिमी भी है। लेकिन चार दिन बाद जानकारी होना भी कहीं न कहीं उनके नेटवर्क को भी सवालों के घेरे में खड़ा कर रहा है। कोतवाल ने बताया कि बदमाश हरदोई के पिहानी थाने से डकैती के मामले में फरार चल रहा था और उस पर 25 हजार का इनाम था। इसकी जानकारी अब हो सकी है।