कच्ची दीवार ढही, बहनें जख्मी
सिधौली (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में कच्ची दीवार ढहने से दो सगी बहनें गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
मंगलवार की देर रात कोतवाली क्षेत्र के सिंहपुर गांव में रघुनंदन के घर की कच्ची दीवार अचानक ढह गई। दीवार के पड़ोस में सो रही रघुनंदन की बेटियां संगीता (14) व सविता (8) मलबे में दबने से बुरी तरह जख्मी हो गई।
शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों व परिवारीजनों ने उन्हें मलबे से निकालकर सीएचसी पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।