लिफ्ट मांग कर पार कर दी स्कूटी व नकदी
सिधौली (सीतापुर)। लखनऊ के एक युवक ने कोतवाली में बेहोश कर स्कूटी व नकदी लूटने की तहरीर दी है। लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र के छोटा भरवारा निवासी संतोष कुमार ने बताया कि वह अटरिया इलाके में नीलगांव को अपनी स्कूटी से शुक्रवार को आ रहा था। रास्ते में इटौंजा टोल टैक्स के पास एक व्यक्ति ने लिफ्ट मांगी। इस पर उसने उसे स्कूटी पर बिठा लिया। अटरिया क्षेत्र में नीलगांव जाने के लिए जब वह मुड़ने लगा तो उसने आगे छोड़ देने की बात कही। उसने आगे चल कर स्कूटी रोकवाई। स्कूटी रुकते ही वह अचानक बेहोश हो गया। जब होश आया तो खुद को सिधौली सीएचसी में पाया। उसने बताया कि स्कूटी, 35 सौ की नकदी व मोबाइल आदि गायब है। उसने कोतवाली में तहरीर दी है। हालांकि पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।