पिसावां (सीतापुर)। थाना इलाके में सोमवार दोपहर एक मकान की छत की तराई के दौरान पानी की छींटे पड़ने से हुए विवाद में हमलावरों ने एक व्यक्ति लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। बीचबचाव करने पहुंचे परिवार के तीन अन्य सदस्य भी चोटिल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना क्षेत्र के सेजकलां निवासी अखिलेश सोमवार की दोपहर अपने घर की छत की तराई के लिये पानी भर रहा था। जिससे गांव के सुरेश पर पानी के छींटे पड़ गए। इस पर सुरेश ने अखिलेश पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बचाव करने मां उर्मिला, बहन पारूल तथा भाई अरुण मौके पर पहुंचे तब हमलावरों ने लाठियों से उनकी भी पिटाई कर दी।
इससे चारों लोग घायल हो गए। इस संबंध में अखिलेश पक्ष ने गांव के ही सुरेश, झब्बू , श्यामसुंदर, गौरीशंकर, अमर सिंह व दिनेश की पत्नी के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष दिनेश सिंह ने बताया कि सभी घायलों को अस्पताल भेजा गया है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।