जांच में जुटी पुलिस ने रुपये बरामद कर किया राजफाश
पिसावां (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में एक बैंक मित्र की नीयत दो लाख रुपयों पर डोल गई। जिनको हजम करने के लिए उसने पुलिस को लूट की फर्जी सूचना दे दी। जांच में जुटी पुलिस ने रुपये बरामद करने के साथ पूरी घटना का राजफाश कर दिया है।
हरदोई जिले के टडिय़ावां थाना क्षेत्र के ग्राम देविहा निवासी विकास सिंह कुतुबनगर स्थित इलाहाबाद ग्रामीण बैंक में बैंक मित्र है। शुक्रवार को विकास ने पुलिस को सूचना दी कि वह बैंक से दो लाख रुपये निकाल कर बाइक से अपने गांव जा रहा था।
रास्ते में पिसावां थाना क्षेत्र के ग्राम चंदवापुर के निकट बाइक सवार तीन सशस्त्र बदमाशों ने उसे ओवरटेक कर रोका। इसके बाद तमंचे से धमकाते हुए रुपयों भरा बैग छीनकर भाग गए। लूट की सूचना मिलते ही एसपी आनंद कुलकर्णी, एएसपी मार्तंड प्रताप सिंह व पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए।
एसपी ने पीड़ित की बात सुनी और अधीनस्थों को जल्द से जल्द खुलासे के निर्देश दिए। जांच में जुटी पुलिस ने पूछताछ के बाद घटना का राजफाश किया। एसपी ने घटना का खुलासा करते हुए पत्रकारों को बताया कि पूछताछ के दौरान ही विकास ने स्वीकार कर लिया कि उसने लूट की झूठी सूचना पुलिस को दी।
उसकी निशानदेही पर पिसावां थाना क्षेत्र के ग्राम लोहार खेड़ा में विकास सिंह के रिश्तेदार के घर से दो लाख रुपयों भरा बैग बरामद कर लिया गया। एसपी ने बताया कि रुपयों के लेनदेन को लेकर उसका एक व्यक्ति से विवाद चल रहा था।
वहीं उसकी नीयत रुपयों पर भी खराब हो गई थी। जिसकी वजह से उसने रुपये हजम करने व अपने विपक्षी को लूट जैसे गंभीर अपराध में फंसाने के लिए लूट की झूठी सूचना पुलिस को दी।