कमलापुर थाना इलाके ठिठूरा की घटना
कमलापुर (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका की मां ने आरोप लगाते हुए कहा कि उसकी पुत्री से दहेज में बाइक की मांग की जा रही थी। मांग पूरी न होने के कारण उसको मार डाला गया। हालांकि विवाहिता की मौत लखनऊ के एक अस्पताल में हुई है। सूचना पार मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच में जुट गई।
कमलापुर के ठिठूरा निवासी विमला (25) पत्नी नीरज की शुक्रवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई। जानकारी मिलने पर संदना इलाके के तारातपुर निवासी मृतका की मां गंगा मौके पर पहुंची। उनका कहना था कि उनकी बेटी की मई 2015 में शादी हुई थी।
आरोप है कि बेटी से ससुराल में बाइक की मांग की जा रही थी। मांग पूरी न होने के कारण उसकी पुत्री को करीब एक सप्ताह पूर्व पीटा गया था। पिटाई की वजह से उसकी मौत हो गई। इस प्रकरण में मृतका की मां गंगा ने दामाद सहित चार लोगों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इंस्पेक्टर संजीत सोनकर का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।