सीतापुर। शहर कोतवाली इलाके में रविवार को घर के अंदर करंट लगने से युवक की मौत हो गई। घटना के वक्त युवक घर में अकेले था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांचकर कार्रवाई की जाएगी।
थाना इमलिया सुल्तानपुर इलाके के थवई गांव के मजरा टिकरा निवासी मनोज कुमार (25) पुत्र जयराम शहर कोतवाली क्षेत्र के पूर्णागिरी मोहल्ले में किराए के मकान में रहता था। बताया जाता है कि युवक अपनी पत्नी और बच्चों के साथ यहां रहता था। युवक की पत्नी होली पर्व पर मायके गई थी। वह घर पर अकेला था।
बताते हैं कि रविवार की दोपहर घर से तेज आवाज आई। उसे सुनकर मोहल्ले के लोग किसी तरह दीवार फांदकर घर में पहुंचे, जहां पर मनोज बेहाल पड़ा था और पास में विद्युत तार पड़े थे, जिससे वह चिपका था। किसी तरह तार हटाकर युवक को अलग किया गया, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुका था। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल लाया जा रहा था, तभी रास्ते में ही युवक की मौत हो गई।
जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि करंट लगने से युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर मृतक के परिवारीजन भी जिला अस्पताल पहुंचे। मामले से पुलिस को अवगत करा दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।