दोनों हरदोई जिले के निवासी, शाहजहांपुर से रोडवेज बस में चढ़े थे
सिधौली (सीतापुर)। रोडवेज बस में सफर कर रहे दो यात्रियों को बुधवार रात जहरखुरानों ने बेहोश करके लूट लिया। बस चालक व परिचालक ने मानवीय संवेदनाओं को दरकिनार करते हुए दोनों यात्रियों को सिधौली कोतवाली क्षेत्र में हाइवे किनारे फेंक दिया और चलते बने।
गुरुवार सुबह कस्बे के नागरिकों ने दोनों को बेहोश पड़ा देखा तो उनको सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टरों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया है। हरदोई जिले के पिहानी थाना क्षेत्र के ग्राम नरधिरा गोविंद (20) व मनीष (19) हरिद्वार मेें एक फैक्ट्री में काम करते हैं।
दोनों बुधवार को कई माह बाद हरिद्वार से घर के लिए निकले। गोविंद व मनीष ट्रेन से हरिद्वार से शाहजहांपुर पहुंचे। इसके बाद दोनों यहां से बस में सवार होकर सीतापुर के लिए चल दिए। बताया जा रहा है कि जिस बस में दोनों युवक सवार हुए, उसमें पहले से ही जहरखुरानी गिरोह के बदमाश मौजूद थे।
जहरखुरानों ने दोनों यात्रियों को नशीली चाय पिला दी। चाय पीने के कुछ देर बाद ही दोनों बेहोश हो गए। उनके बेहोश होते ही जहरखुरानों ने यात्रियों के पास मौजूद 35 हजार की नकदी, दो मोबाइल फोन लूटकर चंपत हो गए। इधर, बस जब सीतापुर पहुंची, तब भी चालक व परिचालक बेहोश पड़े यात्रियों को जान नहीं सके।
बस जिस समय सिधौली से गुजरी, तब चालक व परिचालक की नजर बस में बेहोश पड़े दोनों यात्रियों पर पड़ी। चालक, परिचालक ने मानवीय संवेदनाओं को दरकिनार करते हुए, दोनों यात्रियों को बेहोशी की हालत में ही सिधौली में मुकीमपुर तिराहे के निकट हाइवे किनार फेंक दिया और चलते बने।
उधर, गुरुवार सुबह जब कुछ लोग टहलने निकले, तभी उनकी नजर हाइवे किनारे बेहोश पड़े यात्रियों पर पड़ी। नागरिकों ने आननफानन यात्रियों ने कस्बे की सीएचसी में भर्ती कराया। यहां पर डॉक्टरों ने दोनों की नाजुक हालत को देखते हुए, उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।