झाड़फूंक के बहाने विवाहिता से रेप
आरोपी तांत्रिक के खिलाफ केस दर्ज
तलाश में जुटी पुलिस
थानगांव (सीतापुर)। पति के साथ झाड़फूंक कराने गई एक नवविवाहिता के साथ तांत्रिक ने रेप किया। रेप करने के बाद आरोपी भाग निकला। पीड़िता ने वापस पहुंचकर पति को सारी बात बताई। जिसके बाद पति ने आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। उसकी तलाश की जा रही है।
थानगांव की एक नवविवाहिता (22) ने बताया कि वह पति के साथ थानगांव इलाके के खनुवापुर निवासी तांत्रिक मुन्नूपाल के यहां गई थी। यहां वह अपने पति के साथ एक रिश्तेदार के यहां ठहर गई। गुरुवार शाम वह तांत्रिक के बुलाने पर अकेली ही गई थी। महिला का आरोप है कि तंत्र-मंत्र के बहाने तांत्रिक उसे सुनसान स्थान पर ले गया, जहां कुछ देर झाड़फूंक का ढोंग करने के बाद उसने रेप किया। रेप करने के बाद आरोपी भाग निकला। जिसके बाद पीड़िता भागकर अपने रिश्तेदार के यहां गई और पति को सारी बात बताई। शुक्रवार सुबह महिला पति के साथ थाने पहुंची और आरोपी मुन्नूपाल के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। उसकी तलाश की जा रही है। उसे जल्द ही दबोचा जाएगा।