बाइक पेड़ से टकराई, एक मरा, एक घायल
बाइक सवार युवक नहीं लगाए थे हेलमेट
इमलिया सुल्तानपुर (सीतापुर)। थाना क्षेत्र के झबरी मोड़ के पास सोमवार रात एक तेज रफ्तार बाइक पेड़ से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार दो युवक जख्मी हो गए। दोनों को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे का इलाज चल रहा है। पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है। बाइक सवार युवक हेलमेट नहीं लगाए थे।
इमलिया सुल्तानपुर इलाके के कैनपुर गांव निवासी सिद्धपाल (21) पुत्र कमलेश अपने साथी गांव निवासी अक्षय कुमार (20) पुत्र जगमोहन के साथ बाइक से जिला मुख्यालय गया था। वहां से वह वापस अपने गांव आ रहा था। जब ये दोनों लोग इमलिया सुल्तानपुर इलाके में झबरी मोड़ के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार बाइक पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में बाइक सवार दोनों युवक जख्मी हो गए। दोनों को जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई, जबकि उसके साथी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है। ग्रामीणों की मानें तो बाइक सवार युवक हेलमेट नहीं लगाए थे।