चुनावी तैयारियों के बीच मंगलवार को फिर रेउसा इलाके में भारी मात्रा में पुलिस ने विस्फोटक पदार्थ के साथ एक शातिर को दबोचा है। इस तरह की यह दूसरी घटना है। इससे पूर्व रविवार को सकरन पुलिस ने भी एक शातिर को भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री के साथ गिरफ्तार किया था।
हालांकि स्थानीय पुलिस की सतर्कता से विस्फोटक सप्लाई का भंडाफोड़ हो गया है। अभियान के तहत रेउसा क्षेत्र के राजापुर कलां गांव का युवक दबोचा गया है। उसका नाम गुड्डू है। थाना प्रभारी विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि चुनाव के मद्देनजर एसपी के निर्देश पर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
साथ ही शराब कारोबार, अपराधियों व घातक असलहे आदि की सप्लाई आदि को लेकर बड़ी सतर्कता बरती जा रही है। हर संदिग्ध पर नजर रखी जा रही है। ताकि आने वाला चुनाव बेहद शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके। इसी सिलसिले में पुलिस क्षेत्र में सक्रिय थी। एसआई शिवमंगल सिंह व विजय कुमार मिश्र आदि ने राजापुर कलां के गुड्डू को भारी मात्रा में विस्फोटक के साथ दबोच लिया।
एसओ के मुताबिक, उसके पास से पलीता, एक डिब्बा माल्टा,10 पीस सुतली, दो पीस कलर गोला, एक पीस अनार, बारह स्टार कलर, तीन पीस पटाखा, 11 सुतली गुल्ला, गोला लाइट, 85 पीस लाइट मसाला, 200 ग्राम मसाला, भारी मात्रा में गोला बारूद, लकड़ी कोयला आदि सामग्री बरामद की गई है।
उसके खिलाफ संगीन धाराओं में केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। माना जा रहा है कि गैर कानूनी ढंग से ले जाया जा रहा यह विस्फोटक सामग्री देशी बम आदि बनाने के रूप में भी इस्तेमाल किया जाने वाला था। लेकिन पुलिस की चौकसी के चलते भंडाफोड़ हो गया।