मिश्रिख (सीतापुर)। कोतवाली क्षेत्र के रौंदवा गांव में शनिवार की रात दबंगों ने रंजिश के चलते एक परिवार पर हमला बोल दिया। दबंगों ने लाठी-डंडे से हमला करने के साथ ही जमकर पथराव किया। आरोपियों ने एक बुजुर्ग को पीट-पीटकर मार डाला। हमले में बुजुर्ग के दो पौत्र भी जख्मी हो गए। इस मामले में पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या व बलवा आदि धाराओं में केस दर्ज किया है।
मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र के रौंदवा गांव निवासी रामऔतार (60) की गांव के ही छेद्दू व ओम प्रकाश से रंजिश है। शनिवार की रात रामऔतार घर के बाहर बैठा था। इसी दौरान ओमप्रकाश वहां पहुंचा और गालियां देने लगा। जब रामऔतार ने विरोध किया तो ओमप्रकाश हंगामा करने लगा। देखते ही देखते ओमप्रकाश पक्ष से कई लोग मौके पर पहुंचे और रामऔतार पर लाठियां बरसाने लगे।
चीख सुनकर रामऔतार के पौत्र विपिन कुमार (16) व नैमिष (13) वहां पहुंचे और बाबा को बचाने का प्रयास करने लगे। यह देख हमलावरों ने पथराव शुरू कर दिया। बवाल बढ़ते देख ग्रामीणों ने सूचना पुलिस को दी। करीब आधे घंटे के बाद पुलिस के वाहनों का हूटर सुनकर हमलावर मौके से भाग गए। हमले में रामऔतार, उसके पौत्र विपिन कुमार, नैमिष गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिवारीजन तीनों घायलों को लेकर मिश्रिख सीएचसी भागे, लेकिन रामऔतार ने रास्ते में दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक बृजेश राय ने बताया कि इस मामले में छेद्दू, ओमप्रकाश, मनोज, सुमन, प्यारेलाल, रामखेलावन, सुरेंद्र, वेद प्रकाश, मुंशी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या, बलवा आदि धाराओं में केस दर्ज किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।