फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक साथ उठीं तीन अर्थियां, आंखों से छलके आंसू

Sun, 05 Aug 2018 11:16 PM IST
प्रतापगढ़ ब्यूरो
विज्ञापन
news - फोटो : pratpgarh
विज्ञापन
कुएं में जहरीली गैस की चपेट में आने से मौत के आगोश में आए तीनों लोगों के शव पोस्टमार्टम से आने के बाद गांव में एक बार फिर से चीखपुकार मच गई। रविवार दोपहर बाद जब अंतिम संस्कार के लिए गांव से एक साथ तीन अर्थियां उठीं तो लोगों की आंखों से आंसू छलकने लगे। हर कोई गमजदा था। परिजन दहाड़ मारकर रो रहे थे। अंतिम संस्कार में पूरा गांव उमड़ पड़ा। कालाकांकर घाट पर तीनों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया।  
विज्ञापन

नवाबगंज थाना क्षेत्र के नटोही गांव निवासी सचिन मौर्या पुत्र शंभूनाथ गांव से थोड़ी दूर पर स्थित पंपिंग सेट का पट्टा खोलने गया था। इस दौरान वह कुएं में गिर गया। उसे बचाने गए जंत्री का पुरवा गांव निवासी दिलीप गौतम और बगल के ही छोटेलाल भी कुएं में मौजूद जहरीली गैस की चपेट में आकर अचेत हो गए। इससे तीनों की मौत हो गई। तीनों के शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। सुबह शव घर पहुंचे तो परिजनों में फिर से चीखपुकार मच गई। तीनों परिवारों के साथ पूरे गांव में गम का माहौल रहा। दोपहर में तीनों की अर्थियां भी एक साथ उठाई गईं। एक साथ तीनों शव कालाकांकर घाट ले जाए गए और वहां पर एक साथ ही अंत्येष्टि की गई। इस दौरान पूर्व सांसद शैलेंद्र, प्रमुख कालाकांकर बैजनाथ सिंह भी पहुंचे। तीनों की अंत्येष्टि में पहुंचे पूरे गांव के लोगों की आंखों में आंसू थे।  

राजाभैया ने दी तीनों परिवारों को आर्थिक मदद  
 जहरीली गैस की चपेट में आने वाले तीनों लोगों के परिवार को राजाभैया की तरफ से आर्थिक मदद दी गई। बाबागंज विधायक व पूर्व मंत्री राजाभैया के प्रतिनिधि ने पहुंचकर तीनों परिवारों को सांत्वना देते हुए आर्थिक मदद दी। इस दौरान तीनों परिवार के लोगों को प्रशासनिक मदद के साथ ही हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया गया। नवाबगंज के नटोही गांव में सचिन मौर्य पुत्र शंभूलाल, दिलीप गौतम व छोटेलाल पुत्र महादेव की जहरीली गैस की चपेट में आने से मौत हो गई थी। तीनों को कुएं से बाहर निकालने के बाद उन्हें सीएचसी ले जाया गया था जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उधर जानकारी एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह गोपाल जी तीनों को देखने सीएचसी पहुंचे थे। रविवार को तीनों के शव गांव पहुंचे तो जानकारी पर बाबागंज विधायक विनोद सरोज व राजा भैया प्रतिनिधि हरिओम शंकर श्रीवास्तव व प्रमुख कालाकांकर बीएन सिंह गांव पहुंचे। इसके बाद प्रत्येक परिवार को दस हजार रुपये की आर्थिक मदद दी। इसके साथ ही परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि जो भी प्रशासनिक मदद होगी उसे दिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि राजा भैया परिवार इस दुख की घड़ी में आपके साथ है। इस दौरान दिलीप की पत्नी रेखा, छोटेलाल के भाई सूरजपाल व सचिन के पिता शंभूनाथ को आर्थिक मदद प्रदान की गई। इस दौरान भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। 
विज्ञापन


किसान, सर्वहित बीमा व पारिवारिक लाभ की तैयार हो रही फाइल  
जहरीली गैस की चपेट में आकर हुई तीन लोगों की मौतों पर दो लोगों को किसान बीमा का लाभ मिलेगा। इसके साथ ही सर्वहित बीमा का भी लाभ दिया जाएगा। दिलीप की पत्नी को पेंशन मिलेगी और सचिन के परिजनों को छात्र बीमा की धनराशि दिलाने का प्रयास तहसील प्रशासन करेगा। इसके लिए तहसील में लेखपाल और कानूनगो के माध्यम से फाइल तैयार की जा रही है।  
नवाबगंज थाना क्षेत्र के नटोही गांव निवासी सचिन मौर्या, दिलीप गौतम और छोटेलाल की कुएं में जहरीली गैस से मौत से हो गई थी। मौके पर मौजूद प्रशासन ने तीनों परिवार के लोगों को आर्थिक मदद पहुंचाने की गरज से उनकी आर्थिक और पारिवारिक स्थिति का आकलन कर लिया है। एसडीएम विजयपाल सिंह ने लेखपाल व कानूनगो को शनिवार को ही इसके लिए निर्देशित किया था। सचिन मौर्या के परिजनों को छात्र बीमा के तहत 75 हजार रुपये मिलेंगे। इसके लिए उसकी फाइल तैयार करके उसके जनपद रायबरेली भेजी जाएगी। उधर, दिलीप के परिजनों को किसान बीमा के साथ ही मुख्यमंत्री सर्वहित किसान बीमा और पारिवारिक लाभ मिलेगा। उसकी पत्नी के लिए पेंशन की भी फाइल तैयार की जा रही है। इसी तरह से छोटेलाल पुत्र महादेव के भाई को भी किसान बीमा और सर्वहित किसान बीमा का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा। एसडीएम ने बताया कि सभी की फाइल तैयार की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें