किशोरी को अगवा कर ले गया युवक
महमूदाबाद (सीतापुर)। सदरपुर में पड़ोसी के यहां शादी समारोह में शामिल होने गई किशोरी को गांव का ही युवक बहला-फुसलाकर भगा ले गया। सूचना के पांच दिन बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। अपहृत किशोरी के पिता ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर रिपोर्ट दर्ज कराये जाने तथा किशोरी को बरामद करने के साथ आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग की है।
थाना क्षेत्र निवासी एक युवक ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 11 जून की रात उसकी पुत्री गांव में एक शादी में शामिल होने गई थी। आरोप है कि वहां गांव का ही निवासी अनूप उसे बहला-फुसलाकर भगा ले गया। जब किशोरी देर रात तक घर नहीं पहुंची तो परिवारीजनों ने तलाश शुरू कर दी। काफी खोजबीन के बाद भी जब पता नहीं चला तो अपहृत किशोरी के पिता ने 12 जून को अनूप के खिलाफ तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की लेकिन केस नहीं दर्ज हो सका। इससे आहत पीड़ित ने गुरुवार को पुलिस अधीक्षक सीतापुर को प्रार्थनापत्र देकर रिपोर्ट दर्ज कराए जाने, अपहृत किशोरी की बरामदगी कराए जाने तथा आरोपी की गिरफ्तारी कराये जाने की मांग की है।