हत्या के बाद हाथ में तमंचा लेकर कोतवाली पहुंचा आरोपी
लहरपुर (सीतापुर)। कोतवाली क्षेत्र में दबंगों ने एक वारदात को फिल्मी अंदाज में अंजाम दिया। उन्होंने पहले अपने एक दोस्त का अपहरण किया, फिर डेढ़ लाख रुपये की फिरौती मांगी। मांग पूरी न होते देख दिनदहाड़े दोस्त को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया।
आरोपियों ने इतना दुस्साहस किया कि जिस प्रमुख आरोपी के पिता को पुलिस ने हिरासत में ले रखा था। उसी आरोपी ने हत्या जैसी जघन्य वारदात को अंजाम दे डाला। जिसके बाद हत्या आरोपी तमंचे के साथ कोतवाली पहुंचा और समर्पण कर दिया। पुलिस इस मामले में हत्या केस दर्ज कर लिया है।
कस्बे के मोहल्ला चिक्की टोला निवासी सिराज (28) डेढ़ माह पूर्व कमाने के लिए दिल्ली गया था। बताते हैं कि सिराज की दोस्ती लहरपुर कस्बे के ही बहलोलपुर निवासी एजाज अहमद से थी। रुपयों के लेनदेन को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। जिसकी वजह से एजाज अपने भाई मेराज व सिराज के साथ दिल्ली पहुंचा।
एजाज की दोस्ती थी, इस वजह से सिराज तीनों भाईयों के साथ घर के लिए चल दिया। बताते हैं कि लहरपुर आते ही तीनों भाईयों ने सिराज का अपहरण कर लिया और सिराज के परिवार से डेढ़ लाख रुपयों की मांग की। इस पर सिराज के पिता महबूब ने लहरपुर कोतवाली में तहरीर दी।
पुलिस ने एजाज के पिता हसीन खां को हिरासत में ले लिया और पूछताछ करने लगी। जब यह बात एजाज को पता चली। तब वह अपने भाई सिराज व मेराज के साथ अपहृत किए गए सिराज को लेकर शेखूपुर पहुंचा। यहां पर तीनों भाइयों ने मिलकर पहले सिराज को पीटा, फिर उसके माथे पर तमंचा सटाकर गोली मार दी।
इससे सिराज की मौके पर ही मौत हो गई। दिनदहाड़े हत्या से जहां पूरे कस्बे में हड़कंप मच गया। वहीं आरोपी एजाज तमंचा हाथ में लेकर कोतवाली पहुंच गया। तमंचे के साथ आरोपी को कोतवाली में देख पुलिस कर्मियों में भी हड़कंप मच गया।
अफरातफरी के माहौल के बीच जब एजाज ने बताया कि उसने सिराज नाम के युवक की हत्या कर दी है और वह समर्पण करने आया है। तब कहीं जाकर कोतवाली में मौजूद पुलिस कर्मियों ने राहत की सांस ली। आननफानन में पुलिस ने उसे दबोचा और तमंचा कब्जे में किया।
इतनी बड़ी वारदात होने पर पुलिस अब लीपापोती करने में जुट गई है। पुलिस ने इस मामले में हत्या और अपहरण का केस दर्ज किया है। शाम होते ही एसपी प्रभाकर चौधरी लहरपुर पहुंचे। एसपी ने पीड़ित पक्ष से वारदात के संबंध में जानकारी ली और वारदात के राजफाश के निर्देश दिए।