स्टेटिक टीम ने वाहनों की चेकिंग के दौरान शनिवार को आजमगढ़ के एक व्यापारी की कार से 1.79 लाख रुपये बरामद किए हैं। व्यापारी लहरपुर में बीड़ी सप्लाई करने जा रहा था। स्टेटिक टीम ने कैश के बारे में जानकारी मांगी, लेकिन टीम उनके जवाब से संतुष्ट नहीं हुई।
जिसके चलते टीम ने कैश जब्त कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। स्टेटिक टीम प्रभारी निशांत कनौजिया व एसएसआई कोतवाली शिव गोपाल वर्मा शनिवार को टीम के साथ केसरीगंज तिराहे पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान टीम ने एक मैजिक रोकी।
जांच में गाड़ी से एक लाख 79 हजार कैश बरामद हुआ। वाहन में सवार बीड़ी व्यापारी आजमगढ़ के फूलपुर निवासी मो. शहजाद से कैश के बारे में पूछा गया तो उसने बताया कि यह पैसा उसका है और वह हरगांव के एक व्यापारी के पास से यह कैश लाया है। व्यापारी ने टीम को बताया कि हरगांव से सप्लाई करने के बाद वह लहरपुर में बीड़ी की सप्लाई करने जा रहा है।
हालांकि बरामद कैश के बारे में वह सही जानकारी न दे सका। इस कारण स्टेटिक टीम ने कैश जब्त कर लिया। साथ ही पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। एसएसआई का कहना है कि कैश को ट्रेजरी में जमा कराया जा रहा है। मामले में जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।