बिसवां (सीतापुर)। कोतवाली पुलिस ने लूट के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से दो बाइकें बरामद की गई हैं। तीनों को जेल भेजने की कार्रवाई की गई है।
कोतवाली क्षेत्र में बीती 28 सितम्बर को क्षेत्र के कुतुबपुर निवासी आकाश कुमार के साथ लूट हुई थी। बदमाशों ने पीड़ित की बाइक, मोबाइल और 600 रुपये छीन लिए थे। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया था। आरोपियों की तलाश की जा रही रही थी। इंस्पेक्टर मनीष सिंह ने बताया कि मुखबिर ने सूचना दी कि लुटेरे बाइक से कोटरा पुल मार्ग से आ रहे हैं।
टीम ने पुल के पास घेराबंदी कर जिला बाराबंकी थाना घुंघटेर के हाजीपुर निवासी कौशल कुमार, गोंडा के थाना इटिया थोक गांव बाबागंज निवासी विष्णु प्रताप सिंह और सूर्या विहार फेस दो थाना चिनहट लखनऊ निवासी जितेन्द्र को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से दो बाइकें, चार मोबाइल, मोटरसाइकिल के तोड़े गए नंबर प्लेट व रिंच, सादी नंबर प्लेट, एक तमंचा व एक चाकू बरामद किया गया है। आरोपियों ने पूछताछ में घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।