सीतापुर जिले की कोतवाली सिधौली स्थित सीएचसी में घुसकर एक युवक द्वारा छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। स्टाफ नर्सों का आरोप है कि युवक पहले भी इस तरह की हरकत कर चुका है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नए भवन के महिला वार्ड में एक अज्ञात युवक डॉक्टर बनकर घुस आया। इलाज के बहाने प्रसूताओं से अभद्रता की।
तीमारदारों ने इस बात की शिकायत आशा कार्यकर्ताओं और नर्सों से की। आशा के पहुंचने पर आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। हालांकि युवक की स्वास्थ्य कर्मियों ने फ़ोटो खींच ली। फ़ोटो के आधार पर युवक की तलाश की जा रही है।
सीएचसी अधीक्षक डॉ राकेश वर्मा ने बताया कि युवक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं परन्तु किस उद्देश्य से वह सीएचसी परिसर में घूम रहा था। यह तो उसे मिलने पर ही पता लगेगा। युवक के विरुद्ध किसी मरीज की शिकायत आएगी तो पुलिस को तहरीर सौंप कार्रवाई की जाएगी।
अस्पताल में भी सुरक्षित नहीं महिलाएं
जहां एक तरफ महिला सुरक्षा के लिए पुलिस अभियान चला रही है। वहीं सीएचसी तक में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। इस पर भी वहां के जिम्मेदार बातों को टालने में लगे हुए हैं। नर्सों ने आरोप लगाया कि यही युवक पहले भी आ चुका था। इसके बाद भी जिम्मेदारों ने पुलिस को मामले की जानकारी नहीं दी। वहीं दुबारा घटना होने पर अधीक्षक ने मरीज पर तहरीर देने का जिम्मा डाल दिया है।