सीतापुर में मछरेहटा के सिकंदरपुर गांव में बालक की मौत के बाद मौजूद परिवार के लोग व ग्रामीण।
- फोटो : SITAPUR
मछरेहटा (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में मंगलवार की शाम एक धार्मिक स्थल पर प्रसाद खाने के बाद एक मासूम बच्चे की संदिग्ध हालात में तबियत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। मृतक के पिता ने अज्ञात व्यक्ति पर जहर देकर मार देने का आरोप लगाया है। मृतक बच्चे के पास से कथित तौर पर एक लेटर भी बरामद हुआ है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
मछरेहटा इलाके के सिकंदरपुर गांव निवासी घनश्याम का आठ वर्षीय बेटा मोहित मंगलवार को गांव के पास ही हनुमान मंदिर पर गया था। जहां उसने प्रसाद के लड्ड खाए। जिसके बाद अचानक उसकी हालत बिगड़ गई। उसे उल्टियां होने लगीं और वह वहीं पर गिर गया। इसकी खबर लोगों ने मोहित के परिवार वालों को दी। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। उसे इलाज के लिए लेकर जा रहे थे, रास्ते में मोहित की मौत हो गई। जिसके बाद परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
मृतक के पिता का कहना है कि मोहित के हाथ में लड्डू व एक लेटर था। घटना के समय मौके पर गांव का ही एक व्यक्ति संदिग्ध हालात में खड़ा था। पत्र में मृतक की बहन की शादी करने के बारे में लिखा था। घटना को लेकर मृतक के पिता का आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसके बेटे को जहर दे दिया गया। जिससे हालत बिगड़ने के बाद उसकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष रामनरेश यादव का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से बालक की मौत के कारणों की पुष्टि हो जाएगी। जिसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मृतक के पिता घनश्याम का कहना है कि उसका पंद्रह वर्षीय बड़ा बेटा मुकेश स्कूल में दाखिला लेने गया था। वहां किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसके बेटे को खाना व छोटे बेटे को दिए गए पत्र की दूसरी कॉपी भेजी गई। खाना पहुंचने पर स्कूल प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष ने मुकेश को बुलाकर खाने के बारे बताया तो उसने कहा कि वह घर से खाना खाकर आया है। जब खाने का पैकेट खोला गया तो उसमें पत्र मिला। जिसमें वहीं बातें लिखी थीं, जो बातें मृतक के पास से मिले पत्र में लिखी थीं। परिवार के लोगों ने मुकेश को भेजे गए खाने में भी जहर मिले होने की शंका जताई है। हालांकि खाना फेंकवा दिया गया था।
मृतक व उसके भाई को भेजे गए पत्र में उसकी बहन की शादी को लेकर लिखा गया था। सूत्र बताते हैं कि पत्र में पकरिया निवासी चंदर का नाम लिखा था। लिखावट में चंदर की ओर से संबोधन की बात सामने आ रही है। पत्र में लिखा था कि मेरी बुआ के बेटे दीपू ने फांसी लगाई थी। अब वह बच गया है। लड़की के चक्कर में उसने ऐसा कदम उठाया था। अब वह तुम्हें बर्बाद कर देगा। वह किसी भी समय लड़की व परिवार के लोगों को नुकसान पहुंचा सकता है। कुछ ऐसी ही बातें दोनों पत्रों में लिखी थीं। हालांकि इस पत्र को लिखने वाले व उसके मकसद के बारे में पुलिस पता नहीं लगा पाई है। पुलिस जांच की बात कह रही है।
crime- फोटो : SITAPUR