फर्जी नियुक्त पत्र देने के मामले में पकड़ा गया युवक।
- फोटो : SITAPUR
सीतापुर। कोतवाली पुलिस ने सफाई कर्मी का फर्जी नियुक्ति पत्र देने के आरोप में एक युवक को दबोचा है। पुलिस ने मौके से गाड़ी भी पकड़ी है। पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर का इंतजार किया जा रहा है।
मंगलवार को रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के मजिगवां निवासी रोहित वर्मा विकास भवन में एक नियुक्ति पत्र लेकर सफाई कर्मी पद पर ज्वाइन करने पहुंचा। सूत्र बताते हैं कि विभागीय कर्मचारियों ने इसकी सूचना डीपीआरओ को दी। जब उसके प्रपत्रों की जांच हुई तो नियुक्ति पत्र फर्जी निकला।
पूछताछ की गई तो उसने बताया कि एक व्यक्ति ने उसको सफाई कर्मी की नौकरी दिलाने के लिए साठ हजार रुपये मांगे गए। उसने कुछ रुपये दे दिए थे। जिसके बदले उसे नियुक्ति पत्र दिया गया। उसने बताया कि महोली निवासी अनीस ने यह नियुक्ति पत्र दिया था। अनीस ने कहा था कि ज्वाइन करने के साथ ही वह उसके भांजे रफीक को बाकी रुपये दे दे। यह सुनकर अधिकारी सकते में आ गए। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी। कोतवाली पुलिस टीम फौरन आरोपी की तलाश में जुट गई।
इंस्पेक्टर टीपी सिंह का कहना है कि पीड़ित के साथ सादी वर्दी में पुलिस कर्मियों को भेजकर रुपये लेने आए रफीक को हिरासत में लिया गया है। आरोपी के कब्जे से कार बरामद हुई है। उसे भी कब्जे में लिया गया है। अभी तक इस मामले में कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। डीपीआरओ मनोज कुमार का कहना है कि इस मामले में पीड़ित ही तहरीर देगा।