सीतापुर। जिले के अलग-अलग थानों की पुलिस ने अभियान चलाकर अवैध असलहे और कारतूस के साथ 15 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी के खिलाफ केस दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
तंबौर थाना क्षेत्र के चकपुरवा चौराहे से चेकिंग के दौरान लल्लू को गिरफ्तार किया गया है। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा-कारतूस बरामद हुई है। लहरपुर कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र के रिचौना चौराहे पर चेकिंग के दौरान यहीं के निवासी लाखन को तमंचा-कारतूस के साथ दबोचा है। मिश्रिख पुलिस ने जरिगंवा चौराहे से श्यामू को तमंचे के साथ पकड़ा है।
कमलापुर पुलिस ने कान्हामऊ निवासी संजय अवस्थी को उसके घर से 12 बोर असलहे के साथ गिरफ्तार किया है। कमलापुर पुलिस ने ही कटिहार निवासी राकेश को भी तमंचे के साथ गिरफ्तार किया है। पिसावां पुलिस ने बिलैया गांव निवासी सौरभ, कुल्हाघाट से पकरिया निवासी रमाकांत को असलहा व कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
सकरन एसओ अनिल कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र के जालिम नगर मजरा अल्लीपुर निवासी आबिद व कुटीपुरवा निवासी विनोद को अल्लीपुर के पास से शनिवार को पकड़ा गया है। दोनों के पास से एक-एक असलहा-कारतूस बरामद हुआ है। मिश्रिख पुलिस ने बिराहिमपुर चंद्रावल निवासी सर्वेश व मढ़िया इस्लाम नगर निवासी डेविड को असलहा-कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। लहरपुर पुलिस ने चिक्की टोला निवासी इरफान को बिसवां रोड पर कर्बला के पास से पकड़ा है। उसके पास से तमंचा व कारतूस बरामद हुई है।
बिसवां कोतवाली के एसआई अरविंद कुमार पांडेय, सिपाही अनुराग यादव, रोहित सिंह ने गश्त के दौरान इलाके के चंदनपुर के पास से सलीम निवासी सहरीसराय को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से असलहा बरामद किया है। इंस्पेक्टर महमूदाबाद अनिल पांडेय ने बताया कि शनिवार की रात चेकिंग के दौरान एसआई जीवन चन्द्र जोशी ने बछरू निवासी बरदही बाजार, बबलू निवासी नूरपुर कोतवाली महमूदाबाद गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से असलहा-कारतूस बरामद हुए हैं। बताया कि दोनों कोतवाली के टॉप-10 अपराधी हैं। केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।