सिधौली (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में मंगलवार की देर रात मेडिकल बंद कर भतीजे के साथ बाइक पर सवार होकर घर जा रहे दवा व्यापारी को आधा दर्जन बदमाशों ने रोक लिया और 25 हजार नकदी समेत अन्य सामान लूटकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की है।
अटरिया थाना क्षेत्र के अलबदा गांव निवासी रजबुद्दीन पुत्र निशार अहमद का कोतवाली सिधौली इलाके के मनवा तिराहे के पास मेडिकल स्टोर है। देर रात करीब पौने नौ बजे वह मेडिकल स्टोर बंदकर अपने भतीजे के साथ बाइक से सवार होकर घर जा रहे थे।
इस बीच रास्ते में सिधौली इलाके में हाईवे पर बौनाभारी उमरा मार्ग पर गनेशपुर गांव के निकट टावर के पास कनकोरी मोड़ के पास पहले से घात लगाए बैठे तीन बाइक पर सवार आधा दर्जन बदमाशों ने अपनी बाइके दवा व्यापारी की बाइक के सामने लगा दीं। इसके बाद बदमाशों ने उसके भतीजे पर किसी धारदार हथियार से हमला कर दिया, लेकिन वह बाल-बाल बच गया। बदमाश व्यापारी से बैग लूटकर मौके से फरार हो गए।
पीड़ित के मुताबिक, बैग में 25 हजार की नकदी, इलाहाबाद बैंक की चेकबुक थी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पाकर सिधौली कोतवाल ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की है। घटना की तहरीर पुलिस को दे दी गई है। कोतवाल रामप्रकाश ने बताया कि वह मौके पर पहुंच रहे हैं। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।